दो साल के बकाया वेतन को लेकर ऊर्जा मित्रों ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन
धनबाद। दो वर्षों तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं होने से नाराज ऊर्जा मित्रों ने बुधवार को धनबाद में अर्धनग्न प्रदर्शन कर विरोध जताया. झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने बकाया वेतन का जल्द भुगतान करने और बिजली बिलिंग में कथित अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग की.
प्रदर्शन की शुरुआत हीरापुर स्थित विद्युत विभाग कार्यालय से हुई. यहां से ऊर्जा मित्रों ने रणधीर वर्मा चौक होते हुए सिटी सेंटर स्थित जीएम कार्यालय तक मार्च निकाला.
कई ऊर्जा मित्रों का 23-24 माह से वेतन बकाया
संघ के संस्थापक सह प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा ने कहा कि झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) और बिलिंग एजेंसी फ्यूजन सीएक्स प्राइवेट लिमिटेड ऊर्जा मित्रों की समस्याओं की अनदेखी कर रही हैं. राज्य के कई ऊर्जा मित्रों का छह से सात माह का वेतन बकाया है, जबकि कुछ कर्मियों को 23 से 24 माह से भुगतान नहीं मिला है. इससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है.
गलत बिलिंग से उपभोक्ताओं और ऊर्जा मित्रों के बीच विवाद
संतोष कुशवाहा ने आरोप लगाया कि बिलिंग एजेंसियां टेबल रीडिंग के नाम पर गलत बिजली बिल तैयार कर रही हैं. ऊर्जा मित्रों की बिलिंग आइडी का कथित तौर पर दुरुपयोग कर बिल बनाये जा रहे हैं. इसके कारण उपभोक्ताओं और ऊर्जा मित्रों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है. कई बार कहासुनी और मारपीट तक की नौबत आ जाती है.
Awaz Digital