कतरास. निचितपुर बस्ती में घर में घुसकर लैपटॉप, मोबाइल और नकदी चोरी करने के मामले का कतरास पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने चोरी के आरोप में न्यू केशलपुर निवासी रवि बाउरी (20) को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे धनबाद मंडल कारा भेज दिया गया.
22 अक्टूबर को दर्ज करायी गयी थी शिकायत
मामले में निचितपुर निवासी लोपामुद्रा बेहरा ने 22 अक्टूबर 2026 को कतरास थाना में शिकायत दर्ज करायी थी. उन्होंने पुलिस को बताया था कि रात में अज्ञात चोर घर में घुसकर लैपटॉप, मोबाइल और अलमारी में रखे 10 हजार रुपये चोरी कर ले गया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
आरोपी की निशानदेही पर सामान बरामद
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान किया. जांच के दौरान न्यू केशलपुर निवासी रवि बाउरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी. पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर चोरी का लेनोवो लैपटॉप और इन्फिनिक्स मोबाइल बरामद किया गया. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.
Awaz Digital