बड़ा हादसा टला- गया पुल के गार्डर से लगा लोहे का बड़ा एंगल गिरा

धनबाद। गया पुल पर बुधवार की सुबह एक हादसा टल गया. पुल के गार्डर के साथ लगाया गया लोहे का एंगल टूटकर सड़क पर गिर पड़ा. इसके सहारे लगा करकट भी नीचे आ गिरा. गनीमत रही कि घटना के समय इसकी चपेट में कोई वाहन या राहगीर नहीं आया। हालांकि, इस घटना ने पुल की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

गया पुल से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है. इनमें स्कूल बस, ऑटो, निजी वाहन, दोपहिया और मालवाहक वाहन शामिल हैं। ऐसे में पुल के ऊपर लगे लोहे के एंगल और करकट का टूटकर सड़क पर गिरना राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का संकेत है.

इस मार्ग से बैंक मोड़, श्रमिक चौक और रेलवे स्टेशन की ओर बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। पुल के ऊपर से रेलवे ट्रैक गुजरता है, जिस पर महत्वपूर्ण ट्रेनें चलती हैं. वहीं, नीचे का सड़क मार्ग शहर के यातायात के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण है।

क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण और मरम्मत नहीं करायी गयी, तो लोहे के अन्य हिस्से भी टूटकर गिर सकते हैं। लोगों ने रेलवे और जिला प्रशासन से पुल की स्थिति की तत्काल जांच कराने, जरूरत के अनुसार मरम्मत कराने और तब तक दुर्घटना से बचाव के लिए सुरक्षा उपाय करने की मांग की है.

घटना के बाद रेलवे या जिला प्रशासन की ओर से निरीक्षण अथवा मरम्मत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है. यह स्पष्ट होना जरूरी है कि एंगल किस कारण टूटा और पुल के अन्य हिस्सों की स्थिति कैसी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *